दिल्ली: पूर्व राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने पिछले सप्ताह दिल्ली पार्टी मुख्यालय में ज्वाइनिंग करवाई थी। उसी दिन सुरेंद्र सिंह नागर को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मिलवाया गया। रविवार को सुरेंद्र सिंह नागर तीन और दिग्गज नेताओं के साथ लखनऊ पहुंचे थे। इनमें कांग्रेस छोड़कर आए अमेठी के राजा संजय सिंह, समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संजय सेठ, और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर शामिल थे। इन नेताओं के साथ उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। जिसमें सुरेंद्र सिंह नागर के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचे ककोड़ चेयरमैन रिजवान चौधरी, शेंकी भाटी चिटेहरा दादरी, उधम पंडित, नईम मेवाती सभासद, प्रमोद भाटी आदि सैकड़ों समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाजपा ज्वाइन की। 


सुरेंद्र सिंह नागर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद अब सोमवार की देर रात करीब 11:00 बजे सुरेंद्र सिंह नागर ने अपना फोटो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया है। सुरेंद्र सिंह नागर ने बताया कि उन्होंने सोमवार की देर शाम प्रधानमंत्री से मुलाकात करके राष्ट्रहित में आस्था व्यक्त की है। आपको बता दें कि सुरेंद्र सिंह नागर लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ कर रहे थे। उनकी नीतियों को राष्ट्रहित में बता रहे थे। सुरेंद्र सिंह नागर ने भाजपा में शामिल होने के लिए न केवल समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव का पद छोड़ा है बल्कि उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दिया है।

सुरेंद्र सिंह नागर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़े गुर्जर नेता के तौर पर स्वीकार किया जाता है। वह दो बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य और एक बार गौतम बुध नगर लोकसभा से सांसद रह चुके हैं। अभी वह करीब दो वर्ष से राज्यसभा में थे। उन्हें समाजवादी पार्टी में अखिलेश यादव के बेहद नजदीकी लोगों में शुमार किया जाता था।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours